फरहान अख्तर की आने वाली युद्ध-आधारित फिल्म ‘120 बहादुर’ रिलीज से पहले ही विवादों का सामना कर रही है। सोमवार को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने फिल्म का टाइटल बदलने की मांग वाली याचिका को सुनवाई से ही इंकार कर दिया। कोर्ट ने साफ शब्दों में पूछा कि जब फिल्म को आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है, तब सिर्फ नाम को लेकर इतनी संवेदनशीलता क्यों दिखाई जा रही है?
फिल्म की रिलीज पर रोक की मांग को कोर्ट ने ठुकराया
‘120 बहादुर’ 21 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। इसी को रोकने के लिए संयुक्त अहीर रेजिमेंट मोर्चा और कुछ अन्य याचिकाकर्ताओं की ओर से दायर याचिका में दावा किया गया था कि फिल्म का शीर्षक और उसकी प्रस्तुति रेजांग ला की लड़ाई की वास्तविकता और शहीदों की पहचान को सही तरीके से प्रतिबिंबित नहीं करती।
याचिका में आरोप था कि फिल्म के ट्रेलर में मेजर शैतान सिंह को अकेला नायक दिखाया गया है, जबकि 13 कुमाऊं रेजिमेंट की सी कंपनी के 120 जवानों ने मिलकर लड़ाई लड़ी थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि इससे इतिहास और सामूहिक पहचान को नुकसान पहुंचता है।