Sunday, February 1, 2026
No menu items!
.
HomeBihar NewsBihar: चिराग की पार्टी के इस उम्मीदवार की संपत्ति हैरान करने वाली,...

Bihar: चिराग की पार्टी के इस उम्मीदवार की संपत्ति हैरान करने वाली, पत्नी के पास पति से छह गुना ज्यादा दौलत

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान सिमरी बख्तियारपुर सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार संजय कुमार सिंह का नामांकन हलफनामा इन दिनों सुर्खियों में है। 58 वर्षीय संजय कुमार सिंह न केवल उच्च शिक्षित हैं, बल्कि वे और उनकी पत्नी शबनम कुमारी 32 करोड़ रुपये से अधिक की संयुक्त संपत्ति के मालिक हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनकी पत्नी के नाम पर है। अचल संपत्ति के मामले में शबनम कुमारी अपने पति से करीब छह गुना अधिक संपन्न हैं।

कुल संपत्ति 32 करोड़ के पार, पत्नी हैं ‘किंगमेकर’

संजय कुमार सिंह और उनकी पत्नी दोनों ही व्यवसाय से जुड़े हैं। शपथ पत्र के मुताबिक, इस दंपति की कुल संपत्ति 32 करोड़ रुपये से अधिक है। संजय सिंह की चल संपत्ति ₹2,90,49,773 रुपये और अचल संपत्ति ₹5,06,00,000 रुपये है। वहीं, पत्नी शबनम कुमारी की चल संपत्ति ₹6,53,19,618 रुपये और अचल संपत्ति ₹29,11,22,798 रुपये दर्ज है। इस तरह संजय सिंह की कुल संपत्ति ₹8 करोड़ से अधिक और उनकी पत्नी की संपत्ति ₹35 करोड़ के करीब आंकी गई है।

कर्ज का बोझ भी भारी

करोड़ों की संपत्ति के बावजूद दंपति पर भारी कर्ज भी दर्ज है। प्रत्याशी संजय सिंह पर ₹4 करोड़ 15 लाख 73 हजार 122 रुपये का कर्ज है, जबकि उनकी पत्नी पर ₹11 करोड़ 92 लाख 2 हजार 297 रुपये का। कुल मिलाकर इस दंपति पर लगभग ₹16 करोड़ 07 लाख रुपये का कर्ज है।

सोने के शौकीन, पर गाड़ी है ‘आम’

व्यवसाय से जुड़े इस दंपति को आभूषणों से खास लगाव है। उनके पास कुल 90 लाख रुपये मूल्य का सोना दर्ज है। संजय सिंह के पास 250 ग्राम सोना (कीमत ₹25 लाख) और शबनम कुमारी के पास 650 ग्राम सोना (कीमत ₹65 लाख) है। हालांकि, करोड़ों की संपत्ति के बावजूद उनके पास कार के रूप में केवल 2017 मॉडल की मारुति स्विफ्ट डिजायर है।

यह खबर भी पढ़ें-Bihar: चार विधानसभा सीटों पर राजद-कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने; किसके लिए वोट मांगेंगे राहुल-तेजस्वी?

शिक्षित और साफ छवि के मालिक

संजय कुमार सिंह की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी प्रभावशाली है। उन्होंने 1982 में मैट्रिक पास करने के बाद उच्च शिक्षा हासिल की। 1989 में बीएससी, 1991 में एल.एन. मिथिला विश्वविद्यालय से एमएससी और 1994 में बीएनएमयू विश्वविद्यालय मधेपुरा से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। 58 वर्षीय संजय सिंह ने अपने हलफनामे में यह भी स्पष्ट किया है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज या लंबित नहीं है।

आय का विवरण

वित्तीय वर्ष 2024-25 में संजय सिंह ने ₹35,69,830 रुपये की आय घोषित की है, जबकि उनकी पत्नी शबनम कुमारी ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में ₹1,33,02,910 रुपये की आय दिखाई है। यह दूसरा मौका है जब संजय कुमार सिंह सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। पिछले चुनाव में वे लोजपा प्रत्याशी थे, लेकिन उन्हें केवल 6,962 वोट मिले थे और वे जमानत बचाने में भी असफल रहे थे। इस बार वे दोबारा किस्मत आजमा रहे हैं और अपने प्रभावशाली हलफनामे के कारण फिर चर्चा में हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments