रोहतास जिले के चेनारी विधानसभा क्षेत्र से मंगलवार को मतदान बहिष्कार की बड़ी खबर सामने आई है। शिवसागर प्रखंड के मध्य विद्यालय कोनकी स्थित बूथ संख्या 204 पर सुबह से अब तक एक भी मतदाता ने वोट नहीं डाला है। ग्रामीण पूरी तरह अपने निर्णय पर अड़े हुए हैं और प्रशासन से नाराजगी जता रहे हैं।
पंचायत सरकार भवन नहीं बनने से नाराज ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, कोनकी गांव में पंचायत सरकार भवन बनने वाला था, लेकिन बाद में भवन का निर्माण किसी अन्य गांव में कर दिया गया। इस फैसले से कोनकी गांव के लोग बेहद नाराज हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर अधिकारियों से शिकायत और आवेदन दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है , “हमारा प्रशासन से भरोसा उठ गया है, इसलिए हमने मतदान का बहिष्कार किया है।”
पहले ही दी गई थी प्रशासन को सूचना
ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने वोट बहिष्कार की सूचना प्रशासन को पहले ही दे दी थी। उसी के तहत आज चेनारी विधानसभा के बूथ संख्या 204 पर कोई भी मतदाता मतदान करने नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने बताया कि यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है और यदि प्रशासन लिखित आश्वासन देता है कि पंचायत सरकार भवन कोनकी गांव में ही बनाया जाएगा, तब वे वोट देने पर विचार करेंगे।
ये भी पढ़ें: Delhi Blast: समस्तीपुर के पंकज कुमार की दर्दनाक मौत, रिश्तेदार को स्टेशन छोड़ने गए थे तभी हुआ विस्फोट
मतदान केंद्र पर सन्नाटा, एक भी वोट नहीं पड़ा
वोट बहिष्कार के संबंध में पीठासीन अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने पंचायत सरकार भवन निर्माण के मुद्दे पर मतदान का बहिष्कार किया है। उन्होंने पुष्टि की कि अब तक बूथ संख्या 204 पर एक भी वोट नहीं पड़ा है। इस तरह कोनकी गांव में लोकतंत्र के महापर्व के बीच प्रशासनिक उदासीनता और स्थानीय विकास की अनदेखी के खिलाफ ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण विरोध का रास्ता अपनाया है।



