वैशाली जिले के हाजीपुर में ठंड बढ़ने के साथ ही नशाखुरानी गिरोह की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। यह गिरोह विशेष रूप से बाहर से आने-जाने वाले लोगों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास निशाना बना रहा है। इसी कड़ी में कल देर रात नशाखुरानी गिरोह ने एक ही परिवार के चार लोगों को अपना शिकार बना लिया। उन्हें नशा खिलाकर बेहोश कर दिया गया और उनका सारा सामान लूटकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से चारों पीड़ितों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार की एक महिला ने बताया कि सभी लोग मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी के रहने वाले हैं। वे पटना से हाजीपुर पहुंचे थे और गोरौल जाने के लिए ट्रेन पकड़ने हाजीपुर स्टेशन आए थे। इसी दौरान स्टेशन के बाहर उन्होंने चाय पी, जिसमें नशा मिलाया गया था। चाय पीते ही चारों लोग बेहोश हो गए और नशाखुरानी गिरोह उनके सामान लेकर चंपत हो गया।
पढे़ं:अतिक्रमण हटाने के बाद बेघर परिवारों का हंगामा, समस्तीपुर डीएम से लगाई न्याय की गुहार
वर्तमान में सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाजीपुर में जिस तरह नशाखुरानी गिरोह सक्रिय है, उससे रेल प्रशासन और वैशाली पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े होते हैं।
नशाखुरानी गिरोह का तरीका भी लगभग एक जैसा होता है। वे उन लोगों को निशाना बनाते हैं जो बाहर से कमाकर लौटते हैं। उन्हें नशा देकर बेहोश कर सामान लूट लेते हैं और व्यक्ति को वहीं छोड़कर फरार हो जाते हैं। कई बार ऐसे मामलों में पीड़ितों की जान तक चली जाती है। यह गिरोह आमतौर पर स्टेशन, बस स्टैंड और सुनसान इलाकों में वारदातों को अंजाम देता है और लूटपाट कर तुरंत मौके से गायब हो जाता है।



