मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र की एक युवती ने सिकंदरपुर के अखाड़ाघाट रोड निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण, गहने-नकदी ठगने और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने सिकंदरपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी से शादी कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फेसबुक पर दोस्ती से शुरू हुई कहानी
पीड़िता के अनुसार, करीब पांच साल पहले फेसबुक पर युवक से दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। युवक ने शादी का वादा कर उसे अपने विश्वास में ले लिया और बाद में सिकंदरपुर के बालूघाट रोड स्थित किराए के कमरे में पत्नी की तरह रखने लगा। वहां वह लगातार युवती का शारीरिक शोषण करता रहा और शादी की बात करने पर टालमटोल करता था।
1.75 लाख से अधिक कीमत की ज्वेलरी और नकदी भी ले ली
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने धोखे से उससे करीब 1 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और नकदी ले ली। इतना ही नहीं, उसने होटल में ग्राहकों के पास भेजने का दबाव भी बनाया।
यह भी पढ़ें-Bihar:स्पेशल ओलंपिक्स भारत-नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 में बिहार को रजत पदक, खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
10 नवंबर को होटल ले जाकर किया शोषण
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने 10 नवंबर 2025 को उसे एक होटल में ले जाकर शोषण किया। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो युवक ने साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर मारपीट की, गाली-गलौज किया और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। पीड़िता को चार अगस्त को पता चला कि आरोपी किसी दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी में है। उसने डायल-112 को सूचना दी और पुलिस के साथ आरोपी के घर पहुंची, जहां उसके परिवारवालों ने गाली-गलौज की। बाद में आरोपी ने कुछ दिनों तक शादी का भरोसा दिलाया, लेकिन फिर अपने दोस्त के मोबाइल से संदेश भेजकर शादी से इनकार कर दिया और दूसरी लड़की की तस्वीर भेजते हुए लिखा कि वह अब उससे शादी कर चुका है। पीड़िता ने थाने में लिखित रूप से पूरी घटना दर्ज कराई है और पुलिस प्रशासन से आरोपी युवक के साथ उसकी शादी कराए जाने की मांग की है। सिकंदरपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।



