मोतिहारी में पुलिस ने अहले सुबह गुप्त सूचना के आधार पर नकली पेट्रोल और डीजल बनाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर इस अवैध कारोबार को रंगे हाथ पकड़ा है। बताया जा रहा है कि यह सिंडिकेट नेपाल से भारत की ओर निर्यात होकर जा रहे तेल में केमिकल मिलाकर नकली पेट्रोल और डीजल तैयार करता था, जिसे छोटे-छोटे दुकानदारों के माध्यम से बाजार में खपाया जाता था।
पूरा मामला जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के मझरिया गांव से जुड़ा है, जहां लंबे समय से नकली पेट्रोल-डीजल बनाने का खेल चल रहा था। तैयार किए गए नकली तेल की सप्लाई पश्चिमी चंपारण के सिरिसिया, बलथर, बैसाखवा, मैनाटांड सहित पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा, रक्सौल और सुगौली के ग्रामीण इलाकों में की जा रही थी।
पढ़ें:LNMU कुलपति संजय कुमार चौधरी को राजभवन की क्लीनचिट, PMO को भेजी रिपोर्ट; क्या था मामला?
मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को इस अवैध धंधे की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद उनके निर्देश पर रामगढ़वा थाना, पालनवा थाना और रक्सौल थाना की पुलिस के साथ मोतिहारी से पहुंची स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से दर्जनों ड्रम में भरा तेल, तेल निकालने के पाइप, तेल भरने वाले जार और नकली तेल बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाले केमिकल जब्त किए गए।
पुलिस ने मौके से इस सिंडिकेट को संचालित करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



