05:48 PM, 11-Nov-2025
बिहार में एनडीए को पूर्ण बहुमत की उम्मीद
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता NDA को पूर्ण बहुमत के साथ जिताने का काम कर रही है। वहीं दानापुर में राजद सांसद मीसा भारती ने कहा कि इस बार बदलाव होगा क्योंकि महिलाएं चिंतित हैं, उन्हें अपने बच्चों के भविष्य की चिंता है। 20 साल से यहां रोजगार के अवसर नहीं थे, कोई कारखाने नहीं लगे। इसलिए महिलाएं बड़ी संख्या में वोट देने आ रही हैं। जब भी मतदान प्रतिशत अधिक होता है तो बदलाव होता है।
04:08 PM, 11-Nov-2025
111 साल की नसीमा खातून ने बिहार चुनाव में वोट डाला
– फोटो : अमर उजाला
111 साल की नसीमा खातून ने डाला वोट
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान छातापुर विधानसभा क्षेत्र में 111 वर्षीय नसीमा खातून ने वोट डाला। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मैंने वोट डालकर अपना फ़र्ज़ निभाया है।
02:59 PM, 11-Nov-2025
पहले चरण की तरह रहेगा महिलाओं का योगदान-जीतन राम मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने द्वितीय चरण के मतदान पर कहा कि भारत के गणतंत्र की यही व्यवस्था है कि एक मताधिकार राष्ट्रपति को मिला है और एक ही मत का अधिकार सर्व साधारण व्यक्ति के पास भी है। हम NDA की वकालत करते रहे हैं। प्रथम चरण में 65% मतदान हुआ है जिसमें 70% महिलाओं का योगदान रहा है। इस बार भी महिलाओं का योगदान वही रहेगा।
02:21 PM, 11-Nov-2025
Bihar Election 2025: तेज प्रताप यादव ने दिया बड़ा बयान
जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और महुआ सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने दूसरे चरण के मतदान पर कहा कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार महिलाओं की संख्या ज्यादा है और वे बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा ले रही हैं। तेज प्रताप ने कहा, “बदलाव जरूर होगा, महुआ हमारी पहचान है, किसी और के नाम से नहीं जाना जाता।”
01:13 PM, 11-Nov-2025
मतदान का प्रतिशत देख पार्टी नेताओं के अपने-अपने बयान
बिहार में दूसरे चरण के मतदान को देखते हुए पार्टियां अपने अपने आकलन में लगी हैं। भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि सुबह से लोग कतार में लगे हुए हैं। मुझे लग रहा है कि NDA के पक्ष में मतदान हो रहा है। सभी लोग मतदान विकास के नाम पर, विकसित बिहार बनाने के नाम पर कर रहे हैं, NDA की सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पीएम मोदी के मार्गदर्शन में और उनके हाथ को मतबूत करने के लिए लोग वोट कर रहे हैं। वहीं कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार राजेश राम ने मतदान करने के बाद कहा कि महागठबंधन का हाव-भाव बदल गया है। मतदाताओं के भी हाव-भाव बदले हैं, जो यह दर्शाता है कि पिछले 20 साल की जो सरकार है उसको अलविदा कहने का समय आ गया है
12:04 PM, 11-Nov-2025
CRPF और STF लगातार कर रही हैं जांच-बिहार डीजीपी विनय कुमार
बिहार डीजीपी विनय कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 पर कहा कि जो तैयारी थीं वो हमारी तैयारी ग्राउंड पर दिख रही है। सभी जगह पुलिस की निगरानी है। जगंल क्षेत्र में CRPF और STF लगातार जांच कर रहे हैं। अपेक्षा है कि शांतिपूर्ण मतदान होगा और मतदाता भय मुक्त होकर शांति से मतदान कर पाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद पूरे बिहार में चौकसी बरती जा रही है। दिल्ली घटना के मद्देनजर पुलिस अलर्ट है। किसी भी प्रकार की घटना न हो ये पुलिस का प्रयास है।
11:34 AM, 11-Nov-2025
मतदान की गति धीमी नहीं-प्रशांत किशोर
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सासाराम के कोनार में कहा है कि मतदान की गति धीमी नहीं है। बिहार के मतदाताओं ने दिखा दिया है कि आज़ादी के बाद इस चुनाव के पहले चरण में राज्य में सबसे ज़्यादा मतदान हुआ। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में मतदान 65% को पार कर जाएगा और एक नया रिकॉर्ड बनाएगा।
10:33 AM, 11-Nov-2025
महिलाओं का मतदान प्रतिशत बहुत तेजी से बढ़ा-नीरज कुमार
JDU नेता नीरज कुमार ने दूसरे चरण के मतदान पर कहा कि आजाद हिंदुस्तान में पहली बार, बिहार में इतने बड़े पैमाने पर लोग मतदान कर रहे हैं। महिलाओं का मतदान प्रतिशत बहुत तेजी से बढ़ा है। मेरा अपना व्यक्तिगत अनुभव है कि पहली बार लोगों ने खुलकर कहा कि वे विकास को वोट दे रहे हैं।
10:27 AM, 11-Nov-2025
पूरे बिहार में उत्सव का माहौल
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “पूरे बिहार में उत्सव का माहौल है। नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के विकास की बयार में मतदाता मतदान कर रहे हैं। फिर से एक बार NDA की सरकार बनाने के लिए यहां के मतदाता ने ठान लिया है। पूरे बिहार में NDA की सरकार बनने जा रही है। पूरे बिहार के मतदाता इसका मन बना लिए हैं।”
09:39 AM, 11-Nov-2025
Bihar Election 2025: जीतन राम मांझी बोले- बिहार में इससे बेहतर सरकार नहीं हो सकती
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान के बीच केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने जनता से बड़ी अपील की है। उन्होंने कहा, “लोग जिस तरह से 6 तारीख को मतदान करने निकले थे, आज उससे भी ज्यादा संख्या में मतदान करें और एनडीए के पक्ष में वोट दें।” मांझी ने कहा कि बिहार में बीते वर्षों में विकास के कई काम हुए हैं। “आज सड़कों की स्थिति बेहतर है, 24 घंटे बिजली मिल रही है, अस्पतालों में दवाइयां उपलब्ध हैं। पहले अस्पतालों में जानवर बैठे रहते थे, लेकिन अब व्यवस्था पूरी तरह बदल गई है। इससे अच्छी सरकार नहीं हो सकती।” उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे उत्साहपूर्वक मतदान करें और विकास की इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए एनडीए के पक्ष में अपना वोट दें।



