इस चुनाव में पटना प्रमंडल की कौन सीटें हैं चर्चा में?
पटना प्रमंडल की सबसे चर्चित सीटों की बात करें तो इनमें बांकीपुर, मोकामा, दानापुर, मनेर, फुलवारी शरीफ, काराकट और बक्सर सीटें शामिल हैं। इनके अलावा पटना साहिब सीट किसी उम्मीदवार को होने की जगह न होने की वजह से चर्चा में है।
आइये इन सीटों के बारे में जानते हैं…
पटना साहिब: यहां नंद किशोर यादव लगातार सात बार विधायक रहे थे। इस बार भाजपा ने उनका टिकट काट दिया है। उनकी जगह रत्नेश कुशवाहा को मैदान में उतारा गया है। रत्नेश भाजपा के प्रदेश सचिव हैं। बिहार भाजपा में लोकसभा प्रभारी रहे हैं। प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य और भाजपा जल प्रबंधन मंच के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं। वह पटना महानगर भाजपा के उपाध्यक्ष और कार्यसमिति सदस्य भी रहे हैं। रत्नेश के सामने महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के शशांत शेखर मैदान में हैं। वहीं, जनसुराज ने यहां से भाजपा की पूर्व नेता विनीता मिश्रा को टिकट दिया है। करीब 26 साल से भाजपा से जुड़ी रहीं विनीता इसी साल जनसुराज में शामिल हुई हैं।
बांकीपुर: इस क्षेत्र से अन्य चर्चित उम्मीदवार नीतिन नबीन हैं, वह बांकीपुर सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं। 2025 के लिए भी भाजपा ने इन्हें मैदान में उतारा है। 2020 के चुनाव में इन्होंने शत्रुघन सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को भारी मतों के साथ हराया था। इस बार यहां से राजद ने रेखा कुमारी को टिकट दिया है। वहीं, जनसुराज ने वंदना कुमार को मैदान में उतारा है।
दानापुर: यहां से भाजपा ने पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को टिकट दिया है। रामकृपाल 2024 के लोकसभा चुनाव में पाटलीपुत्र सीट हार गए थे। उन्हें लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने शिकस्त दी थी। रामकृपाल यादव के सामने राजद ने रीत लाल राय को उतारा है। रीत लाल 2020 के विधानसभा चुनाव में यहां से जीते थे।
काराकट: 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकट लोकसभा सीट चर्चा में थी, अब काराकट विधानसभा सीट भी भोजपुरी स्टार पवन सिंह की वजह से ही चर्चा में है। तब पवन सिंह निर्दलीय मैदान में उतरे थे। अब उनकी पत्नी ज्योति सिंह निर्दलीय मैदान में हैं। ज्योति और पवन के बीच चल रहे विवाद को भी इस वजह से हवा मिल गई है। जदयू ने यहां से महाबली सिंह तो भाकपा माले से अरुण सिंह मैदान में हैं।
अन्य सीटों की बात करें तो मोकामा में बाहुबली और जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह, मनेर में राजद के भाई विरेंद्र, बक्सर सीट पर पूर्व आईपीएस आनंद मिश्र और फुलवारी शरीफ में राजद से वापस जदयू में आए श्याम रजक की प्रतिष्ठा दांव पर है।



