पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में सुगौली चीनी मिल के गार्ड और पूर्व सैनिक 45 वर्षीय रविकांत तिवारी उर्फ मंटू तिवारी की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 5 बजे सेनवरिया के पास उस समय हुई, जब वे रात्रि ड्यूटी से लौटकर बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
रविकांत तिवारी मूल रूप से मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रानिपकड़ी वार्ड 43 के रहने वाले थे। सेना से अवकाश प्राप्त करने के बाद वे सुगौली चीनी मिल में गार्ड के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रविकांत तिवारी को जीएमसीएच ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पढे़ं;नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार का मामला, पुलिस ने 2 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार
पत्नी बबीता देवी, बेटियां अनन्या कुमारी (16) और प्रिया कुमारी (15), साथ ही 11 वर्षीय पुत्र शशांक कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटे भाई शशिकांत तिवारी समेत पूरा परिवार सदमे में डूबा हुआ है। मृतक घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, जिससे परिवार की स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरार ट्रैक्टर चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि हादसा ट्रैक्टर की टक्कर की वजह से हुआ है। चालक की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।



