पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित जीरो माइल के नज़दीक तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया और कई वाहनों के शीशे तोड़ डाले। सूचना मिलते ही अगमकुआं और जीरो माइल ट्रैफिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। जिलाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि पंचरुखिया निवासी राहुल कुमार सिंह अपने भाई रजनीश कुमार के साथ काम से लौटकर शुक्रवार देर रातमोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। जैसे ही वे जीरो माइल के पास पहुंचे, तभी रॉन्ग साइड से आ रही एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद एक भाई सड़क के दाहिने और दूसरा बाईं ओर गिर गया। सड़क के दाहिने तरफ गिरे राहुल कुमार सिंह (25), पुत्र अवधेश कुमार, को बस ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Bihar:बिहार चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में कलह जारी, अब इस सांसद ने पूछा- धरने की जरूरत क्यों पड़ी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना जय हनुमान बस द्वारा की गई है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बस व ट्रक चालक अक्सर रॉन्ग साइड से तेज गति में वाहन चलाते हैं और ट्रैफिक थाना पुलिस उन पर कोई कार्रवाई नहीं करती, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस मामले में ट्रैफिक थाना प्रभारी नीरज कुमार झा ने बताया कि बस की पहचान कर ली गई है। ड्राइवर की गिरफ्तारी और बस को जब्त करने के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।



