Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
.
HomeBihar NewsHome Minister : सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय नहीं मिला है; नीतीश...

Home Minister : सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय नहीं मिला है; नीतीश कुमार सरकार में कहलाएंगे गृह विभाग के मंत्री

सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय! राजभवन की मुहर के बाद मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से औपचारिक अधिसूचना जारी होने के पहले ही भारतीय जनता पार्टी के तंत्र से यह सूचना लीक हो गई कि नीतीश कुमार सरकार का अहम विभाग- गृह अब सम्राट चौधरी को मिल गया है। बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गृह विभाग मिला, लेकिन सोशल मीडिया से लेकर कई मीडिया प्लेटफॉर्म पर खबर दिखने लगी कि “नीतीश कुमार से गृह मंत्रालय छिना” या “सम्राट को गृह मंत्रालय मिला”। लोग यही सर्च भी करने लगे। आइए जानते हैं कि सम्राट चौधरी को आखिर मिला क्या है?

यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : गृह विभाग भाजपा ने लिया, ताकत फिर भी सीएम नीतीश कुमार की जेब में; सम्राट चौधरी निशाने पर रहेंगे

अमित शाह के पास गृह मंत्रालय, क्या काम है इसका?

भारत में गृह मंत्रालय सिर्फ केंद्र के पास है। इसे अंग्रेजी में Ministry of Home Affairs और संक्षित रूप से MHA कहा जाता है। गृह मंत्रालय कई तरह के दायित्वों का निर्वहन करता है। देश की आंतरिक सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, केंद्र-राज्य संबंध, संघ राज्य क्षेत्रों का प्रशासन, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों का प्रबंधन और आपदा प्रबंधन गृह मंत्रालय की मुख्य जिम्मेदारी है। भारतीय संविधान की सातवीं अनुसूची में सूची II- ‘राज्य सूची’ की प्रविष्टि 1 और 2 के अनुसार राज्यों को लोक व्यवस्था और पुलिस के लिए उत्तरदायी बनाया गया है। मतलब, राज्य का प्रशासन और पुलिस प्रदेश सरकार के मातहत होता है। लेकिन, संविधान के अनुच्छेद 355 में संघ को यह दायित्व भी सौंपा गया है कि वह देश के हर राज्य को बाहरी आक्रमण और आंतरिक गड़बड़ी से सुरक्षा प्रदान करे। गृह मंत्रालय इसी कारण यह सुनिश्चित भी करता है कि प्रत्येक राज्य का शासन संविधान के उपबंधों के अनुरूप चले। गृह मंत्रालय राज्यों के संवैधानिक अधिकारों की उपेक्षा किए बिना, सुरक्षा, शांति और सद्भावना के लिए आंतरिक सुरक्षा की स्थिति की लगातार निगरानी करते हुए जरूरत पड़ने पर राज्य सरकारों को जरूरी सलाह या जानकारी भी देता है। विशेष स्थिति में गृह मंत्रालय किसी राज्य को सुरक्षा संबंधित आर्थिक मोर्चे पर भी मदद करता है। यह मंत्रालय देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद दूसरे नंबर पर रहने वाले अमित शाह के पास है।

यह खबर भी पढ़ें-Samrat Chaudhary: अमित शाह ने ‘बड़ा आदमी’ बनाने की बात कही तो उठी थी सीएम बनने की चर्चा; सम्राट चौधरी कौन हैं?

सम्राट चौधरी को बिहार का गृह विभाग मिला है, जानें इसका काम

मुख्यमंत्री के अलावा, बिहार की नई सरकार में 26 मंत्री बनाए गए हैं। इसमें सबसे पहला नाम उप मुख्यमंत्री का दर्जा पाने वाले सम्राट चौधरी का है। उनके पास पिछली सरकार में करीब 22 महीने तक वित्त विभाग की जिम्मेदारी थी। इस बार गृह विभाग के मंत्री बनाए गए हैं सम्राट चौधरी। गृह विभाग राज्य में पुलिस तंत्र देखता है। यह विभाग राज्य में कानून-व्यवस्था देखता है। अपराध नियंत्रण, अग्निशमन सेवाएं और जेल प्रशासन गृह विभाग की अहम जिम्मेदारी है। अपराध नियंत्रण, पुलिस आधुनिकीकरण, सांप्रदायिक सद्भावना कायम रखना, विदेशी / भारतीय नागरिकों को पासपोर्ट / वीजा के लिए सुरक्षा जांच करना, निजी सुरक्षा एजेंसियों पर नियंत्रण आदि भी राज्य के अंदर गृह विभाग की जिम्मेदारी है। यह राज्य पुलिस और CAPFs के नक्सल विरोधी कार्यों के संचालन की निगरानी भी करता है। यह विभाग नक्सली हिंसा में मारे गए पुलिसकर्मियों और नागरिकों को अनुग्रह अनुदान भुगतान और अन्य लाभ भी प्रदान करता है। यह सैनिक कल्याण निदेशालय के माध्यम से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए विभिन्न कल्याणकारी सेवाएं देता है। इसके साथ ही, यह वीआईपी / वीवीआईपी और महत्वपूर्ण सरकारी / सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई के प्रतिष्ठानों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए भी जिम्मेदार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments