टिकट बिक्री पहले धीमी, फिर मिनटों में सोल्ड आउट
आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) के मुताबिक, टिकट बिक्री की शुरुआत 28 नवंबर को हुई थी, लेकिन शुरुआत में प्रतिक्रिया सामान्य थी। हालांकि, जैसे ही कोहली ने रांची में शतक जमाया, टिकट प्लेटफॉर्म पर फैंस की लाइनें टूट पड़ीं। एसीए मीडिया और ऑपरेशंस टीम के सदस्य वाई. वेंकटेश ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘पहला फेज धीमा था, लेकिन दूसरे और तीसरे फेज में टिकट कुछ ही मिनटों में गायब हो गए।’ यह स्थिति दर्शाती है कि भारत में क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, भावनाओं का त्योहार है और विराट कोहली इस त्योहार की धड़कन हैं।
टिकटों की कीमत से भी नहीं रुके फैंस
टिकटों की कीमतें 1200 से 18,000 रुपये के बीच थीं, लेकिन कीमतों ने फैंस के जुनून को बिल्कुल नहीं रोका। जैसे ही बिक्री शुरू हुई, हजारों फैंस वेबसाइट पर एक साथ लॉगिन करते दिखे और कुछ ही मिनटों में सभी टिकट सोल्ड आउट हो गए।
विशाखापत्तनम में कोहली का रिकॉर्ड शानदार
फैंस के उत्साह की बड़ी वजह कोहली का विशाखापत्तनम में धांसू रिकॉर्ड भी है। यहां खेले गए सात वनडे मैचों में उनका औसत 97.83 है। साथ ही उन्होंने यहां तीन शतक, एक बार 99 और एक बार 65 रन की पारी खेली है। ऐसा रिकॉर्ड फैंस को उम्मीद देता है कि शायद कोहली एक और धमाका करने वाले हैं और वह भी सीरीज के निर्णायक मुकाबले में।
सीरीज स्कोर 1-1, तीसरा मैच होगा निर्णायक
पहले वनडे में भारत ने 17 रन से जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 359 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट से जीत हासिल की। इसलिए तीसरा मुकाबला सिर्फ मैच नहीं, बल्कि सीरीज का फैसला करने वाला एक बड़ा मुकाबला है और स्पॉटलाइट में सिर्फ एक नाम है- विराट कोहली।



