उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में पीएम मोदी की भागीदारी पर पाकिस्तान ने अनर्गल टिप्पणी की है। पड़ोसी देश की टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘हम उनकी टिप्पणी को उस अवमानना के साथ अस्वीकार करते हैं जिसके वे हकदार हैं।’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि कट्टरता, दमन, अल्पसंख्यकों के साथ प्रणालीगत दुर्व्यवहार के गहरे दागदार रिकॉर्ड के साथ, पाकिस्तान के पास दूसरों को उपदेश देने का कोई नैतिक आधार नहीं है। उन्होंने कहा, पाखंडपूर्ण उपदेश देने के बजाय, पाकिस्तान को अपने स्वयं के खराब मानवाधिकार रिकॉर्ड पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
शंघाई एयरपोर्ट मामले पर चीन को भारत का दो टूक संदेश
प्रेमा थांगडोक मामले पर भारत ने चीन को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि शंघाई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर वैध पासपोर्ट के साथ जापान की ओर यात्रा कर रहीं अरुणाचल निवासी भारतीय नागरिक की मनमानी हिरासत के मुद्दे पर भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि चीन चाहे जितना इनकार करे, अरुणाचल की भारतीय पहचान नहीं बदल सकती।
जायसवाल के अनुसार घटना सामने आते ही भारत ने बीजिंग और नई दिल्ली, दोनों जगह चीनी पक्ष के सामने सख्त डिमार्शे रखा। उन्होंने कहा कि चीन की इस कार्रवाई को लेकर भारत गंभीर है और उसने इसे स्पष्ट रूप से उठाया है। विदेश मंत्रालय पहले ही इस घटनाक्रम पर बयान जारी कर चुका है और भारत ने दोहराया कि अपने नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर वह किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगा।
ये भी पढ़ें-लंदन में भारतीय संस्कृति का परचम लहराकर लौटीं शिप्रा पाठक, दिल्ली हवाई अड्डे पर हुआ स्वागत
शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग पर भारत
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर पड़ोसी देश के अनुरोध पर भारत ने प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत को यह औपचारिक अनुरोध प्राप्त हो चुका है और फिलहाल इसकी विस्तृत समीक्षा की जा रही है। जायसवाल ने कहा कि भारत बांग्लादेश के लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है और इस मुद्दे पर सभी हितधारकों से रचनात्मक संवाद जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत इस मामले को जिम्मेदारी और कूटनीतिक संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ा रहा है।
अफगानिस्तान पर विदेश मंत्रालय
अफगानिस्तान को लेकर प्रवक्ता ने कहा कि हाल ही में अफगानिस्तान के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने भारत का दौरा किया। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने भारतीय विदेश मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री और वाणिज्य राज्य मंत्री के साथ विस्तृत बैठकें कीं। जायसवाल ने बताया कि अफगान मंत्री ने इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में भी हिस्सा लिया, जहां अफगान कंपनियों और व्यापारियों ने अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित कीं। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
भारत-अमेरिका सहयोग पर एमईए का बयान
जायसवाल ने इस मामले पर कहा कि भारत और अमेरिका के बीच मजबूत ही नहीं, तीन बल्कि संस्थागत सहयोग है, जो लंबे समय से चले आ रहे समझौतों पर आधारित है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच परिचालन सहयोग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। दोतरफा इंटरैक्शन और समन्वित प्रवर्तन से रणनीतिक साझेदारी और अधिक गहरी हुई है।
अन्य वीडियो-



