Tuesday, November 18, 2025
No menu items!
.
HomeBihar NewsSatta Ka Sangram: कल बेगूसराय पहुंचेगा चुनावी रथ, मतदाताओं से टटोलेंगे यहां...

Satta Ka Sangram: कल बेगूसराय पहुंचेगा चुनावी रथ, मतदाताओं से टटोलेंगे यहां के मुद्दे; कैसा है इतिहास?

बेगूसराय जिले की विधानसभा सीटों पर 2025 के चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। सबसे ज्यादा चर्चा मटिहानी विधानसभा सीट की है। 2020 में लोजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर जेडीयू में शामिल हुए पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह अब राजद के टिकट पर मैदान में हैं। उनकी टक्कर जेडीयू के राजकुमार सिंह से है। दोनों पक्षों की ओर से जोरदार लॉबिंग और गुटबंदी की जा रही है ताकि जीत सुनिश्चित हो सके।

सदर विधानसभा सीट पर भाजपा ने अपने सीटिंग विधायक कुंदन कुमार को फिर से मैदान में उतारा है। उनके सामने कांग्रेस की पूर्व विधायक अमिता भूषण हैं। दोनों उम्मीदवार भूमिहार जाति से हैं। वहीं जनसुराज की ओर से सुरेंद्र सहनी मैदान में हैं। बखरी (सु) सीट लोजपा आर के खाते में गई है। यहां केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के करीबी संजय पासवान ने चुनावी मैदान में कदम रखा है। उनकी टक्कर सीटिंग सीपीआई विधायक सूर्यकांत पासवान से होगी। हालांकि संजय पासवान अभी तक सीधी लड़ाई में नहीं आए हैं।

चेरिया बरियारपुर विधानसभा सीट पर जेडीयू ने पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के पुत्र अभिषेक आनंद उर्फ न्यूटन कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है। राजद ने सीटिंग MLA राजवंशी महतों का टिकट काटकर पूर्व मुख्यमंत्री सतीश कुमार के पुत्र सुशील कुशवाहा को मैदान में उतारा है। इसके अलावा बागी रामसखा महतों (राजद) और जनसुराज के डॉ. मृत्युंजय भी इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। कुशवाहा और भूमिहार वोट का समीकरण चुनाव को और रोमांचक बना रहा है।

साहेबपुर कमाल विधानसभा सीट पर राजद ने अपने सीटिंग विधायक सतानंद संबुद्ध उर्फ ललन यादव को फिर से मैदान में उतारा है। लोजपा आर के सुरेंद्र विवेक और जेडीयू के बागी अमर कुमार के खिलाफ उनकी टक्कर होगी। इस सीट को राजद का मजबूत गढ़ माना जा रहा है। तेघड़ा विधानसभा सीट पर सीपीआई ने अपने विधायक रामरतन सिंह को फिर से मैदान में उतारा है। भाजपा ने पूर्व विधान पार्षद रजनीश कुमार को उतारा है। हालांकि यह क्षेत्र सीपीआई का मजबूत गढ़ माना जाता है, लेकिन चुनाव नजदीक आने के साथ लड़ाई टक्करपूर्ण हो सकती है।

बछवाड़ा विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय लड़ाई होने के आसार हैं। भाजपा ने अपने सीटिंग विधायक सुरेंद्र मेहता को मैदान में उतारा है, वहीं महागठबंधन में अंतर्कलह के कारण कांग्रेस के प्रदेश युवा अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास और सीपीआई के पूर्व विधायक अवधेश राय भी चुनावी मैदान में हैं। पूरा बेगूसराय जिला इस बार चुनावी मुकाबलों के लिहाज से बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण नजर आ रहा है, जिसमें पुराने विधायक, नए चेहरे और त्रिकोणीय मुकाबले चुनावी सनसनी पैदा कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments