Tuesday, February 10, 2026
No menu items!
.
HomeBihar NewsWeather: पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ी ठंड, कुछ दिनों में...

Weather: पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ी ठंड, कुछ दिनों में और गिरेगा पारा; अगले 36 घंटे चुनौतीपूर्ण

उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं ने मैदानी क्षेत्रों में भी सिहरन बढ़ा दी है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में सुबह-शाम तापमान में गिरावट के साथ हल्का कोहरा दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी तथा सर्दी का असर तेजी से बढ़ेगा।

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। केलोंग में माइनस 3.2 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 2.1 डिग्री और किनौर के कल्पा में 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कल्पा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे आस-पास के इलाकों में ठंड बढ़ गई।

जम्मू-कश्मीर का गुलमर्ग पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। सोनमर्ग और गुलमर्ग समेत अन्य ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों में अच्छी-खासी बर्फ जमी है। गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री कम है। पहलगाम में दिन का पारा सामान्य से तीन डिग्री कम 13 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री कम माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

पश्चिमी विक्षोभ से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रहीं

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी पर्वतीय इलाकों में हाल में हुई बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं अब मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं। इससे दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।

  • वहीं, पंजाब के अमृतसर और हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उत्तराखंड के चमोली, बदरीनाथ, केदारनाथ और औली क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। इन पहाड़ी इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ी है।

नवंबर मध्य तक 10 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, पोस्ट-मानसून सीजन (1 अक्तूबर से 6 नवंबर) के दौरान हिमाचल प्रदेश में 69.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 140 प्रतिशत अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यदि अगले एक सप्ताह तक ऐसा ही मौसम बना रहा, तो नवंबर के मध्य तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है।

अगले 36 घंटे मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण

मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 36 घंटे देश के कई हिस्सों में मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहेंगे। उत्तर-पूर्व मानसून की सक्रियता के कारण दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बादलों की गरज, बिजली गिरने और झमाझम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। 7 से 8 नवंबर के दौरान तमिलनाडु में और 8 से 10 नवंबर के दौरान केरल में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments