सहरसा। छठ महापर्व के पावन अवसर पर मंगलवार की सुबह सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। डीह टोला निवासी 20 वर्षीय आर्यन कुमार खग्मा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन दोपहर तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।
छठ स्नान के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, डीह टोला निवासी सतनारायण शर्मा का पुत्र आर्यन कुमार अपने परिजनों के साथ मंगलवार सुबह करीब 10 बजे चकला के समीप खग्मा नदी में छठ पर्व के निमित्त स्नान करने गया था। बताया गया कि स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आर्यन पानी में लापता हो चुका था।
पढे़ं:इलेक्ट्रिक सामग्री की गोदाम में लगी भीषण आग, पटाखे की चिंगारी से हुआ हादसा; लाखों का नुकसान
पढ़ाई कर रहा था पटना में, परिवार में मचा कोहराम
आर्यन पटना में अपनी बड़ी बहन के घर रहकर इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह दो बहनों का एकलौता भाई था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही सलखुआ की अंचलाधिकारी पुष्पांजलि कुमारी और थाना अध्यक्ष संजना कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। प्रशासन की सूचना पर एसडीआरएफ की विशेष टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोर लगातार नदी के गहरे हिस्सों में आर्यन की तलाश कर रहे हैं। सुपौल से अतिरिक्त गोताखोरों को भी बुलाया गया है। स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ खोजबीन में जुटे हैं।
छठ पर्व के उत्साह पर छाया मातम
सुबह से जारी तलाशी अभियान दोपहर तक चलता रहा, लेकिन आर्यन का शव बरामद नहीं हो सका। नदी किनारे परिजन और ग्रामीण उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उनका बेटा सुरक्षित मिल जाए। सीओ पुष्पांजलि कुमारी ने बताया कि एसडीआरएफ टीम पूरी तत्परता से काम कर रही है और युवक की जल्द तलाश सुनिश्चित की जा रही है। हादसे के बाद डीह टोला सहित आसपास के इलाकों में मातम का माहौल है। पूरे क्षेत्र में छठ पर्व का उत्साह इस दर्दनाक घटना से फीका पड़ गया है।



