संगीतकार पलाश मुछाल और भारतीय क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना की शादी इन दिनों चर्चा में है, लेकिन खुशी के इस मौके पर दो परिवारों पर अचानक आई मुश्किलों ने माहौल बदल दिया। शारीरिक और भावनात्मक तनाव बढ़ने के कारण पलाश मुछाल को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। पलाश की टीम के मुताबिक अब उन्हें छुट्टी मिल गई है, लेकिन शादी अनिश्चित समय के लिए टाल दी गई है। परिवार वर्तमान में सिर्फ स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन पर ध्यान दे रहा है।
पिता की तबीयत बिगड़ते ही टूट पड़े पलाश
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत शादी वाले दिन गंभीर रूप से बिगड़ गई थी। इसी खबर ने पलाश को भी अंदर तक झकझोर दिया। दोनों परिवारों के करीबी बताते हैं कि पलाश का रिश्ते में स्मृति के पिता से बेहद भावनात्मक जुड़ाव है। जैसे ही उन्हें पिता की हालत का पता चला, उन्होंने बिना किसी चर्चा के शादी टालने का फैसला कर लिया।
यह खबर भी पढ़ें:विजय देवरकोंडा की फिल्म में हुई हॉलीवुड के विलेन की एंट्री, ‘द ममी’ फेम अर्नोल्ड वोस्लू की सेट से तस्वीर वायरल
पलाश की मां का आया बयान
पलाश की मां अमिता मुछाल ने बताया कि यह खबर पलाश के लिए किसी सदमे से कम नहीं थी। हल्दी की रस्म पूरी हो चुकी थी, इसलिए उन्हें बाहर जाने नहीं दिया गया। लेकिन अंदर ही वो टूट गए और लगातार रोते रहे। भावनात्मक दबाव इतना बढ़ गया कि अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां चार ड्रिप लगी और कई जरूरी जांचें की गईं। सभी रिपोर्ट सामान्य आईं, मगर तनाव का असर साफ दिखाई दे रहा था।
सांगली से वापस मुंबई आए परिवार
शादी के कार्यक्रम रोकने के बाद दोनों परिवार सांगली में ही थे। तभी पलाश को तेज बेचैनी, उलझन और कमजोरी महसूस हुई। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया, बाद में बेहतर निगरानी के लिए मुंबई के गोरेगांव स्थित एसआरवीहॉस्पिटल शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों ने लगातार निगरानी के बाद उन्हें स्थिर बताया और डिस्चार्ज कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, समस्या किसी शारीरिक बीमारी से ज्यादा मानसिक और भावनात्मक दबाव से पैदा हुई थी। परिवार और पलाश की टीम ने बताया कि उनका शरीर पूरी तरह ठीक है, लेकिन शादी टलने और दोनों परिवारों की चिकित्सा स्थितियों ने उन पर काफी असर डाला।
यह खबर भी पढ़ें:Smriti Mandhana:शादी टलने के बाद स्मृति ने छोड़ा ‘केबीसी’ का शूट? यहां जानिए इन दावों में कितनी है सच्चाई
परिवारों के आधिकारिक बयान का इंतजार
पलाश और स्मृति की ओर से अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। दोनों परिवार इस समय सार्वजनिक चर्चा से दूर रहना चाहते हैं और प्राथमिकता केवल स्वास्थ्य, आराम और स्थिरता को दी जा रही है। करीबी सूत्रों का कहना है कि शादी रद्द नहीं की गई है- सिर्फ आगे बढ़ाई गई है। तारीख स्मृति के पिता के स्वस्थ होने और पलाश के मानसिक रूप से संभलने के बाद ही तय की जाएगी।
सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर अटकलें
हालांकि दोनों को लेकर सोशल मीडिया पर बहुत सारी खबरें चल रही हैं, जिनमें कथित तौर पर पलाश के दूसरी लड़कियों के साथ चैट्स वायरल हो रहे हैं। पलाश के स्मृति को चीट करने का भी आरोप लग रहा है।
