जमुई विधानसभा क्षेत्र 241 के खैरा प्रखंड अंतर्गत झुंडों गांव स्थित बूथ संख्या 381-382 पर मंगलवार को मतदान के दौरान तनावपूर्ण माहौल बन गया। बूथ पर अचानक हुई रोड़ेबाजी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में गांव के युवक विशाल कुमार घायल हो गए। वहीं हिंसा के दौरान आधा दर्जन घरों की खिड़कियां, शीशे, दरवाजे और छप्पर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के संबंध में घायल विशाल कुमार ने बताया कि वह मतदान स्थल के पास मौजूद थे, तभी विवाद शुरू हो गया। ग्रामीणों के अनुसार खैरा प्रखंड में तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत मोहम्मद आजाद सेक्टर पदाधिकारी के तौर पर बूथों का जायजा ले रहे थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मोहम्मद आजाद सोमवार रात से ही गांव के मुस्लिम मोहल्ले में लगातार घूम रहे थे, जिससे ग्रामीणों के बीच संदेह की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार दोपहर सेक्टर पदाधिकारी झुंडों बूथ पर पहुंचे, जहां गांव के ही राजद कार्यकर्ता मोहम्मद चांद एक झोले में टिफिन लेकर आए और उन्हें सौंपा।
पढे़ं:प्रसव के कुछ घंटे बाद नवजात के साथ सोनी पहुंचीं मतदान केंद्र, निभाया अपना फर्ज
इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई कि टिफिन में रुपए देकर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की जा रही है। जब लोगों ने टिफिन खोलकर देखने की बात कही, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध कर दिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी धीरे-धीरे विवाद में बदल गई और देखते ही देखते रोड़ेबाजी शुरू हो गई। हंगामे के दौरान विशाल कुमार के सिर में चोट लग गई, जिससे वे घायल हो गए। वहीं कई घरों में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई, जिससे गांव में दहशत का माहौल फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ सौरव कुमार, एसडीपीओ सतीश सुमन तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मतदान प्रक्रिया को सुचारू करने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि तनाव के कारण कुछ समय तक मतदान बाधित रहा, बाद में वातावरण शांत होने पर प्रक्रिया को दोबारा शुरू कराया गया।
