Home Bihar News Bihar Election: सासाराम के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान संपन्न, पिछले चुनाव...

Bihar Election: सासाराम के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान संपन्न, पिछले चुनाव की अपेक्षा 7% अधिक हुआ मतदान

0
Bihar Election: सासाराम के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान संपन्न, पिछले चुनाव की अपेक्षा 7% अधिक हुआ मतदान

सासाराम जिले में बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार की सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन ने सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने हेतु मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ जिला मुख्यालय स्थित डीआरडीए भवन में एक कंट्रोल रूम संचालित किया, जहां से मतदान अवधि में सभी विधानसभा क्षेत्रों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई।

प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद

विधानसभा चुनाव के दूसरे व अंतिम चरण के मतदान के बाद जिले में तकरीबन डेढ़ महीने से चल रही चुनावी सरगर्मी आज थम गई और चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशियों के किस्मत भी ईवीएम में कैद हो गए। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 95 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला आगामी 14 नवंबर को मतगणना के दिन होगा। बता दें कि जिले के 2217137 मतदाताओं के लिए कुल 2692 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ-साथ मतदाताओं के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थी।

युवा और महिला वोटरों में दिखा उत्साह

जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर माॅक पोल की प्रक्रिया पूरी करते हुए पूर्व निर्धारित समय से मतदान प्रारंभ हुआ तथा गुलाबी ठंड के बीच विभिन्न बूथों पर सुबह से हीं मतदाताओं की भारी भीड़ देखी गई। सभी मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग, महिला वोटर व 85 वर्ष से अधिक उम्र वाले मतदाताओं के लिए ग्रीन चैनल बनाए गए थे तथा मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। युवा, महिला एवं नए वोटरों ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सेल्फी लेकर सोशल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी तस्वीरें साझा की।

पढे़ं;समस्तीपुर के पंकज कुमार की दर्दनाक मौत, रिश्तेदार को स्टेशन छोड़ने गए थे तभी हुआ विस्फोट

कई मतदान केंद्रों पर वोट बहिष्कार

जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से मंगलवार को वोट बहिष्कार के मामले भी सामने आए। जानकारी के अनुसार चेनारी विधानसभा क्षेत्र के रोझईं एवं कोनकी गांव तथा करगहर विधानसभा क्षेत्र के लडुईं बिसुनपुरा में ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार किया। कोनकी एवं लड़ुईं बिशनपुरा गांव में जहां ग्रामीणों ने पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर वोट बहिष्कार किया, वहीं रोझईं गांव में प्राथमिक विद्यालय को लेकर मतदान का बहिष्कार हुआ। इसके अलावा जिले के कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने से भी कुछ घंटों के लिए मतदान प्रभावित हुआ। प्रशासन के अनुसार अलग-अलग मतदान केंद्रों से कुल 27 बीयू, 19 सीयू एवं 30 वीवीपैट बदले गए हैं।

डीएम- एसपी ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा

जिले में अंतिम चरण के मतदान के दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम उदिता सिंह व पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने एकसाथ जिले के कई मतदान केंद्रों पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए मुहैया कराई गई सभी जरूरी सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, रैंप, छाया, व्हीलचेयर आदि का जायजा लिया। सभी अधिकारी निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने को लेकर सजग दिखे और पूरे दिन मतदान कार्य में जुटे सभी आला अधिकारियों की गाड़ियां सड़कों पर एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र तक दौड़ती रही।

नियंत्रण कक्ष से सतत निगरानी

मतदान अवधि के दौरान जिले में समेकित नियंत्रण एवं कमांड सेंटर पूर्ण रूप से क्रियाशील रहा। इस नियंत्रण कक्ष से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के वेबकास्टिंग की सतत निगरानी की गई तथा मतदान के प्रत्येक बूथ से प्राप्त लाइव फीड की तकनीकी व प्रशासनिक मॉनिटरिंग के लिए उच्च स्तरीय टीम 24 घंटे के शिफ्ट में कार्यरत रहे। वहीं नोडल पदाधिकारी मोहम्मद जफर हसन नियंत्रण कक्ष की लगातार समीक्षा करते रहे तथा सुनिश्चित किया गया कि सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्य करते रहें।

जिले में 61% हुआ मतदान

जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि जिले में मतदान के दिन शाम 5 बजे तक कुल तकरीबन 61% मतदान हुआ है तथा पूरे जिले में किसी बूथ से कोई भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। मतदान समाप्ति के पश्चात इवीएम संग्रहण का कार्य शुरू हो गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के सभी मतदान केंद्रों से ससमय इबीएम का संग्रहण कर लिया जाएगा और इसके बाद पूरे चुनावी प्रक्रिया की स्क्रुटनी होगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version