वैशाली जिले के हाजीपुर में बुद्धिजीवियों के साथ बैठक करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लालू प्रसाद यादव और आरजेडी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आरजेडी का फुल फॉर्म हैR से रंगदारी, J से जंगल राज और D से दादागिरी। यही काम रंगदारी करना, जंगल राज स्थापित करना और दादागिरी करना है, और इसी में अपने आपको अच्छा बताना है।
जेपी नड्डा ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के राज में जो गाड़ियां चोरी होती थीं, वे मुख्यमंत्री आवास में ही मिलती थीं। तेजस्वी यादव आज बेरोजगारी और पलायन की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने पिता के कार्यकाल को याद करना चाहिए। बिहार की जनता से उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उनके चलते ही बिहार के लोगों को पलायन करना पड़ा था।
उन्होंने कहा कि जब तक तकलीफ याद नहीं करोगे, तब तक सुख का आनंद नहीं ले पाओगे। बिहार में पहले राजनीति परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण के आधार पर होती थी। वोट बैंक की राजनीति चलती थी,किसी को जोड़ो, किसी को तोड़ो, इसी पर राजनीति होती थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति का पूरा स्वरूप बदल दिया है। अब रिपोर्ट कार्ड की राजनीति होने लगी है।
पढे़ं;’महागठबंधन वालों को वोट देंगे तो फिर से आ जाएगा जंगल राज’, यूपी के डिप्टी CM केशव मौर्य का तंज
जेपी नड्डा ने कहा कि 11 साल पहले देश के पास अपना एक भी बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं था, लेकिन आज भारत 1 लाख 51 हजार करोड़ रुपये का रक्षा निर्यात कर रहा है। उन्होंने 26/11 मुंबई हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय देश का गृह मंत्री कहता था कि विदेशी दबाव के कारण पाकिस्तान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकते। लेकिन आज हमारे प्रधानमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक कर दुनिया को दिखा दिया कि भारत अब घर में घुसकर मारने की क्षमता रखता है।
“रंगदारी, जंगलराज और दादागिरी” यही RJD का सही मतलब है।
बिहार में लालू यादव की सरकार में दिनदहाड़े अपहरण, लूट, डकैती, हत्या होती थी। बिहार की जनता से उन्होंने आजतक माफ़ी नहीं माँगी। आज भी इनका असली उद्देश्य गुंडाराज को बढ़ाना है। pic.twitter.com/sYNfIK3Yzt
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) October 24, 2025
उन्होंने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद प्रधानमंत्री ने बिहार के समस्तीपुर से कहा था कि इसकी कल्पना भी नहीं की होगी कि भारत किस तरह जवाब देगा। इस तरीके से आज भारत बदल चुका है। 26/11 के बाद मनमोहन सिंह ताकत नहीं जुटा पाए कि पाकिस्तान को जवाब दे सकें। न्यूक्लियर नीति पर भी उन्होंने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जेपी नड्डा ने कहा कि आज दुनिया के कोई भी देश नहीं हैं, जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था की तारीफ न की हो। विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत ने वह मुकाम हासिल किया है जो पहले कभी नहीं था।



