छठ महापर्व के मौके पर उस समय खुशियों का माहौल मातम में बदल गया जब अर्घ्य के दौरान एक युवक की पोखर में डूबकर मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के गौड़ा गांव की है। मृतक की पहचान गांव के ही सज्जन शर्मा के 18 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार संदीप अपने दो दोस्तों के साथ गांव के पोखर पर गया था, जहां तीनों छठ घाट पर गुब्बारा लगा रहे थे। बताया जाता है कि पोखर में पहले मिट्टी काटे जाने के कारण पानी की गहराई बढ़ गई थी। गहराई का अंदाजा न होने और तैरने का कम अनुभव होने से तीनों युवक पानी में उतर गए। इस दौरान संदीप गहरे पानी में डूब गया।
पढ़ें:छठ की रात देखने गए थे नाच, सुबह मिला लहूलुहान शव; मधुबनी में अधेड़ की निर्मम तरीके से हत्या
दोस्तों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और शोर मचाया। इसके बाद घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने पोखर में खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से संदीप को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि संदीप अपने दादा-दादी के साथ गांव में रहता था, जबकि उसके माता-पिता दिल्ली में काम करते हैं। छठ की खुशी के माहौल में अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है।
