सीवान जिले के लकड़ीनबीगंज थाना क्षेत्र के भोपतपुरा भरथिया गाँव में शनिवार को एक 18 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सन्नाटा फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान भोपतपुरा भरथिया निवासी सुरेंद्र राय के पुत्र दिनेश यादव उर्फ लालू यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दिनेश अपने भाई के साथ बैंगलोर में रहता था और हाल ही में भाई के ससुराल में आयोजित शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। शनिवार की दोपहर वह घर के पास खेत की ओर गया था। इस दौरान उसने फोन कर बताया कि कुछ लोग उसे मार रहे हैं। परिजन खेत की ओर दौड़े, लेकिन दो युवक को भागते देखा। मौके पर पहुँचकर परिवार वालों ने देखा कि दिनेश लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ा था। उसे तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पढे़ं:जमालपुर पहुंचे पूर्व रेलवे के जीएम, वर्कशॉप विकास योजनाओं में तेजी लाने के दिए दिशा-निर्देश
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश गांव की ही एक लड़की से प्रेम करता था और लंबे समय से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अंदेशा है कि शनिवार को दोनों खेत में मिलने गए थे और लड़की के परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई। कथित तौर पर रंगे हाथों पकड़े जाने पर दिनेश की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
लकड़ीनबीगंज थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि युवक की हत्या चाकू से की गई है और प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आवश्यक सबूत जुटाना शुरू कर दिया है और डिजिटल साक्ष्य के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस अब संभावित आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासे का भरोसा दिया है।
