Home Bihar News Bihar Politics: ‘बिहार में महागठबंधन की हार कराई गई, 127 सीटों पर...

Bihar Politics: ‘बिहार में महागठबंधन की हार कराई गई, 127 सीटों पर हुई व्यापक वोट चोरी’; पप्पू यादव का आरोप

0
Bihar Politics: 'बिहार में महागठबंधन की हार कराई गई, 127 सीटों पर हुई व्यापक वोट चोरी'; पप्पू यादव का आरोप

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को सहरसा कोर्ट में पेशी के बाद मीडिया से बात करते हुए बिहार की चुनावी प्रक्रिया पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग की मदद से भाजपा ने सुनियोजित तरीके से राज्य में ‘वोट चोरी’ की है, जिसके कारण महागठबंधन को हार का सामना करना पड़ा।

127 सीटों पर वोट चोरी का आरोप

पप्पू यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में 127 ऐसी सीटें हैं, जहां महागठबंधन बेहद कम अंतर से हारा। उन्होंने इस हार को ‘कराई गई हार’ बताते हुए आरोप लगाया कि इन सीटों पर बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई। उन्होंने दावा किया कि यादव, अल्पसंख्यक, एससी-एसटी और अति पिछड़ा वर्ग से जुड़े हजारों वोटरों के नाम बिना किसी कारण के काट दिए गए। सांसद ने कहा कि ये सब सुनियोजित तरीके से किया गया ताकि महागठबंधन को नुकसान पहुंचाया जा सके।

मुख्य चुनाव आयुक्त पर पक्षपात का आरोप

पप्पू यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधे तौर पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मुख्य चुनाव आयुक्त को भाजपा के हित में काम करने का इनाम मिला।” सांसद ने चुनावी परिणामों पर सवाल उठाते हुए यह गंभीर आरोप भी लगाया कि कई इलाकों में जब बैलेट पेपर की गिनती हुई तो महागठबंधन के उम्मीदवार आगे थे, लेकिन जब ईवीएम के नतीजे आए तो परिणाम पूरी तरह से विपरीत हो गया।

मतदान संख्या में बड़ा अंतर

पप्पू यादव ने चुनावी प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी की तरफ इशारा करते हुए संख्याबल का एक आंकड़ा पेश किया। उन्होंने कहा कि मतदान सूची में 7 करोड़ 42 लाख मतदाता दर्ज थे, लेकिन जब मतदान के बाद गिनती हुई तो यह संख्या बढ़कर 7 करोड़ 45 लाख हो गई। पप्पू यादव ने कहा कि वोटों की संख्या में यह अंतर चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।

पढे़ं:रोहिणी आचार्य ने लालू यादव के किडनी ट्रांसप्लांट को याद कर अब क्या लिखा? निशाने पर कई लोग

जीविका दीदियों के खातों में डाले गए पैसे

सांसद ने भाजपा पर चुनावी गतिविधियों में धांधली और मतदाताओं को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव से ठीक पहले ‘जीविका दीदियों’ के खातों में 10-10 हजार रुपये डालकर उन्हें चुनावी प्रचार और गतिविधियों में लगाया। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवासी मतदाताओं को भी विभिन्न तरीकों से प्रभावित किया गया, जिससे चुनाव परिणाम एनडीए के पक्ष में आए।

नीतीश कुमार को चेतावनी, पीएम बनने की अपील

भविष्य की राजनीति पर बोलते हुए पप्पू यादव ने कहा कि एनडीए की जीत जनता की मर्जी नहीं, बल्कि ‘मशीनों की करामात’ है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भाजपा से सावधान रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा भविष्य में उन्हें भी दरकिनार कर सकती है। इसके साथ ही, पप्पू यादव ने सीएम नीतीश कुमार से अपील की कि वे अब केंद्र की राजनीति में सक्रिय हों और प्रधानमंत्री पद की दौड़ में आगे आएं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version