Home Bihar News Mahua Moitra: बांग्लादेश के CEC की गिरफ्तारी वाली फोटो शेयर कर विवादों...

Mahua Moitra: बांग्लादेश के CEC की गिरफ्तारी वाली फोटो शेयर कर विवादों में फंसी महुआ, BJP बोली- भारत का अपमान

0
Mahua Moitra: बांग्लादेश के CEC की गिरफ्तारी वाली फोटो शेयर कर विवादों में फंसी महुआ, BJP बोली- भारत का अपमान

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के एक पोस्ट ने बुधवार को नए राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया, जब उन्होंने बांग्लादेश के पूर्व चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी की पुरानी तस्वीर साझा कर भारत की चुनाव प्रक्रिया पर कटाक्ष किया। महुआ के बयान को भाजपा ने देश का अपमान बताया और आरोप लगाया कि वह विपक्ष के उस दावे को हवा दे रही हैं जिसमें कहा जा रहा है कि भारत का चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिलकर चुनाव प्रभावित कर रहा है। इस पोस्ट के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों की तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

महुआ मोइत्रा ने बांग्लादेश में चुनाव-हेराफेरी मामले में गिरफ्तार पूर्व चुनाव आयुक्त की फोटो पोस्ट करते हुए इसे आने वाले समय की झलक बताया। यह टिप्पणी उस आरोप के संदर्भ में थी जिसमें विपक्ष कह रहा है कि भारत का चुनाव आयोग कथित रूप से भाजपा के साथ मिलकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर रहा है। भाजपा ने इसे राष्ट्र-विरोधी बयान बताते हुए कहा कि महुआ भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं की तुलना बांग्लादेश से कर रहीं हैं, जो पूरी तरह गलत और दुर्भावनापूर्ण है।

भाजपा का कड़ा हमला

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने महुआ पर हमला करते हुए कहा कि वह भारत की सांसद हैं, लेकिन देश की दुश्मन की तरह बोलती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महुआ का बयान विपक्ष की उस रणनीति का हिस्सा है जिसमें चुनाव में हार की आशंका के बाद संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है। भाजपा ने कहा कि पहले भी विपक्षी दलों के कुछ नेताओं ने भारत के लोकतंत्र की तुलना पड़ोसी देशों से की है, और अब महुआ मोइत्रा का बयान उसी प्रवृत्ति का विस्तार है।

ये भी पढ़ें-फर्जी कॉल पर लगेगी रोक: अब बैंक-म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियों की 1600 नंबर से आएगी कॉल, तय हुई ये डेडलाइन

राहुल गांधी की एसआईआर पर आलोचना

इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष मतदाता सूची संशोधन अभियान पर सवाल उठाए। एआईसीसी पदाधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया राजनीतिक, संगठनात्मक और कानूनी रूप से चुनौती दी जानी चाहिए। राहुल ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अपने दायित्वों को राजनीतिक दलों पर डाल रहा है और एसआईआर का तरीका वैध मतदाताओं के नाम हटाने का खतरा पैदा करता है। कांग्रेस नेताओं ने इसे “डेमोक्रेसी को नष्ट करने की साजिश” तक बताया।

उधर चुनाव आयोग ने बताया कि एसआईआर अभियान के तहत 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 50.25 करोड़ एन्यूमरेशन फॉर्म बांटे जा चुके हैं, जो कुल 50.97 करोड़ योग्य मतदाताओं का 98.54 प्रतिशत है। पहली फेज में छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप शामिल हैं। इनमें से तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल 2026 में चुनाव के लिए तैयार होंगे। दूसरे चरण की प्रक्रिया चार नवंबर से चार दिसंबर तक चलेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version