देश के सबसे व्यस्त दिल्ली हवाई अड्डे पर शुक्रवार को हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी हो गई, जिससे 800 से ज्यादा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें लेट हो गईं। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने इस समस्या को ठीक कर लिया है। एएआई ने बताया कि कुछ पुरानी देरी के कारण स्वचालित कामकाज में थोड़ी रुकावट बाकी है, लेकिन जल्द ही सब कुछ सामान्य हो जाएगा। यात्रियों से धैर्य रखने की अपील की गई है।
इंडिगो ने एक्स पर ताजा अपडेट देते हुए बताया कि हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल को प्रभावित करने वाली AMSS प्रणाली की अस्थायी खराबी अब ठीक हो गई है। दिल्ली हवाई अड्डे तथा उत्तरी क्षेत्र के अन्य प्रभावित हवाई अड्डों पर सामान्य परिचालन धीरे-धीरे बहाल हो रहा है। हम इस समस्या के समाधान और प्रणालियों को पुनः चालू करने के लिए हवाई अड्डे और एटीसी अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हैं।