अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार की संपत्ति में एक अरब डॉलर से ज्यादा की गिरावट आई है। ब्लूमबर्ग की अरबपतियों की सूची के मुताबिक यह गिरावट मुख्य रूप से उनकी उच्च-जोखिम वाली क्रिप्टो मुद्रा में निवेश में भारी नुकसान की वजह से हुई है।
ट्रंप परिवार की अस्थिर डिजिटल संपत्तियों में की गई हिस्सेदारी ने उनकी कुल संपत्ति को काफी कम कर दिया है। सितंबर की शुरुआत में जहां उनकी कुल संपत्ति करीब 7.7 अरब डॉलर थी। वहीं अब यह घटकर लगभग 6.7 अरब डॉलर रह गई है।ब्लूमबर्ग न्यूज के मुताबिक, ट्रंप परिवार की संपत्ति में यह बड़ी गिरावट इसलिए आई है क्योंकि मीम कॉइन्स और ट्रंप नाम से जुड़े दूसरे जोखिम भरे क्रिप्टो निवेशों की कीमत बहुत तेजी से गिर गई है।
ये भी पढ़ें:भारत-इस्राइल के बीच एफटीए वार्ता फिर शुरू हुई, GTRI ने कहा- व्यापार नहीं, रणनीतिक साझेदारी है मुख्य लाभ
इस गिरावट का बड़ा कारण ट्रंप परिवार का उच्च-जोखिम वाली डिजिटल संपत्तियों में निवेश बताया गया है। परिवार को 1.1 अरब डॉलर (यानी 9,800 करोड़ रुपये से ज्यादा) का नुकसान हुआ है। सितंबर में डब्ल्यूएलएफआई क्रिप्टो मुद्रा की ट्रेडिंग शुरू होते ही ट्रंप परिवार की संपत्ति में पांच अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन बाद में इसमें भारी गिरावट आई।
ट्रंप के नाम वाला मीम कॉइन ($TRUMP) हाल के महीनों में लगभग 25 फीसदी गिर गया। जबकि एरिक ट्रंप का बिटकॉइन-माइनिंग (शक्तिशाली कंप्यूटरों से बिटकॉइन बनाना) कंपनी में किया गया निवेश अपने उच्च मूल्य से लगभग आधा हो गया है। इसके अलावा, ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप (टीएमटीजी) के शेयर भी ऐतिहासिक रूप से निचले स्तर पर पहुंच गए।यह ट्रूथ सोशल की पेरेंट कंपनी है।इस कंपनी ने क्रिप्टो मुद्रा जमा रखने और इस्तेमाल करने का योजना बनाई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस कंपनी में राष्ट्रपति ट्रंप की हिस्सेदारी का मूल्य सितंबर से अब तक लगभग 800 मिलियन डॉलर गिर चुका है। वह कंपनी के सबसे बड़े हिस्सेदार हैं और उनकी यह हिस्सेदारी उनके बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की देखरेख वाले एक ट्रस्ट में रखी गई है।
डेली बीस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप परिवार ने न सिर्फ अपनी क्रिप्टो योजनाओं में भारी नुकसान झेला है, बल्कि वे निवेशक भी काफी नुकसान में हैं जिन्होंने ट्रंप नाम पर पैसे लगाए थे। रिपोर्ट के मुताबिक जिन्होंने जनवरी में ट्रंप के मीम कॉइन को ऊंची कीमत पर खरीदा था, वे नवंबर तक लगभग पूरा पैसा गंवा चुके हैं।
