Home Bihar News Australia: सीजर ने 40 मीटर दूर से आतंकियों पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां,...

Australia: सीजर ने 40 मीटर दूर से आतंकियों पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, हमले के वक्त पेश की बहादुरी की मिसाल

0
Australia: सीजर ने 40 मीटर दूर से आतंकियों पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, हमले के वक्त पेश की बहादुरी की मिसाल

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में 15 लोगों की जान चली गई। इस वारदात को रोकने में जिस पुलिस अधिकारी ने अहम भूमिका निभाई, अब उनका नाम सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर को मार गिराने वाले अधिकारी डिटेक्टिव सीनियर कॉन्स्टेबल सीजर बाराजा हैं।

सादे कपड़ों में ड्यूटी पर तैनात थे सीजर

सीजर बाराजा पिछले 16 साल से पुलिस सेवा में हैं। वह बॉन्डी इलाके में ही तैनात हैं और सादे कपड़ों में ड्यूटी पर थे। घटना के दौरान का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह एक पेड़ के पास खड़े होकर करीब 40 मीटर दूर फुटब्रिज की ओर फायरिंग करते दिखे। इसी कार्रवाई में आतंकी साजिद अकरम मारा गया, जबकि उसका बेटा नवीद अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि साजिद और नवीद ने हनुक्का कार्यक्रम के दौरान ऊंचाई से हाई-पावर हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में 15 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।

यह भी पढ़ें – Qatar: कतर ने नौसेना के पूर्व अधिकारी पुर्णेंदु तिवारी को जेल भेजा, परिवार ने PM मोदी से की हस्तक्षेप की मांग

रियलिटी टीवी शो में कर चुके हैं काम

सीजर बाराजा को उनके साथी सेस के नाम से जानते हैं। वह 2000 के दशक में एक रियलिटी टीवी शो द रिक्रूट्स में भी नजर आ चुके हैं। उस शो में उन्होंने कहा था कि वह पुलिस इसलिए बनना चाहते हैं क्योंकि उन्हें अपराध से नफरत है। उन्होंने बताया था कि पुलिस बनने की ट्रेनिंग कितनी कठिन होती है और इसके लिए वह रोज कड़ी मेहनत करते थे। हालांकि, न्यू साउथ वेल्स पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि अभी जांच चल रही है और आधिकारिक तौर पर यह तय किया जा रहा है कि किस अधिकारी की गोली से आतंकी मारा गया। फिर भी, उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों की बहादुरी की खुले दिल से तारीफ की।

दो युवा पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल

इस हमले में दो युवा पुलिस अधिकारी भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और वे अभी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। पहले अधिकारी 22 वर्षीय प्रोबेशनरी कॉन्स्टेबल जैक हिब्बर्ट हैं, जो महज चार महीने पहले ही पुलिस बल में शामिल हुए थे। उन्हें चेहरे और आंख में गोली लगी, जिससे उनकी एक आंख की रोशनी चली गई है। परिवार ने बताया कि जैक ने घायल होने के बावजूद लोगों की मदद जारी रखी।

यह भी पढ़ें – Bangladesh Violence: बांग्लादेश में अशांति के चलते भारत का बड़ा फैसला, ढाका में बंद किया गया वीजा आवेदन केंद्र

जवानों की बहादुरी को किया गयासलाम

दूसरे घायल अधिकारी कॉन्स्टेबल स्कॉट डायसन हैं, जिन्हें कंधे में गंभीर गोली लगी। उनकी हालत काफी नाजुक थी, लेकिन अब वह स्थिर बताए जा रहे हैं। स्कॉट एक अच्छे खिलाड़ी भी रहे हैं और उनकी साथी भी पुलिस में कार्यरत हैं। वह जल्द पिता बनने वाले हैं। पुलिस अधिकारियों और राज्य सरकार ने दोनों जवानों की बहादुरी को सलाम किया है। कहा गया है कि ये अधिकारी भागे नहीं, बल्कि गोलियों की दिशा में आगे बढ़े। उनके साहस के कारण कई लोगों की जान बच सकी।

साजिद ने 2022 में सिडनी से नवीनीकृत कराया था भारतीय पासपोर्ट

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में मारे गए आरोपी साजिद अकरम ने वर्ष 2022 में सिडनी से अपना भारतीय पासपोर्ट नवीनीकृत कराया था। तेलंगाना इंटेलिजेंस सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। साजिद अकरम हैदराबाद का मूल निवासी था और 1998 में ऑस्ट्रेलिया चला गया था। सूत्रों के अनुसार, साजिद अकरम (50) का भारत में अपने परिवार से सीमित संपर्क था। उसने ऑस्ट्रेलिया में यूरोपीय मूल की महिला से विवाह किया था और वर्ष 2001 में निकाह की रस्म के लिए पत्नी को हैदराबाद लाया था। बाद में उसने अपने बेटे नावेद को भी माता-पिता से मिलवाने के लिए भारत लाया था। नावेद, जो इस आतंकी हमले में दूसरा आरोपी बताया जा रहा है, 2004 और 2016 में दो बार हैदराबाद आया था।

2001 से 2022 तक छह बार भारत आया था अकरम

सूत्रों ने बताया कि साजिद अकरम ने ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता के लिए आवेदन किया था, लेकिन किसी कारण से यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। वह ऑस्ट्रेलिया में ही बसना चाहता था। तेलंगाना पुलिस के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद साजिद अकरम ने भारत का दौरा मुख्य रूप से पारिवारिक कारणों, संपत्ति से जुड़े मामलों और बुजुर्ग माता-पिता से मिलने के लिए किया। 2001 से 2022 के बीच उसने छह बार भारत की यात्रा की थी और आखिरी बार 2022 में आया था।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version